मथुरा
पुलिया की सुध लेने वाला कोई अधिकारी की नजर नहीं, बड़े हादसे का इंतजार क्यों?

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। शहर के भरतपुर गेट-जंक्शन मार्ग की सड़क बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। वहीं नाले की पुलिया भी जर्जर हालत में है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और राहगीर गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और पुलिया की सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा है। शहर में स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकास कार्यों के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन प्रमुख मार्ग की यह बदहाल तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों और नगर निगम प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा नाले की जर्जर पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके। सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहे हैं?



