बैतूल अदालत में जमीन विवाद लंबित
फिर भी करा दी रजिस्ट्री; बुजुर्ग ने कलेक्टर-एसपी से मांगा न्याय

विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, 14 दिसंबर को होनी है अगली सुनवाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। न्यायालय में जमीन का विवाद विचाराधीन होने के बावजूद संबंधित भूमि की रजिस्ट्री कराए जाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए ग्राम राठीपुर निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग शिवरतन सोनारे ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उन्होंने कलेक्टर, एसपी और बैतूल गंज थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम राठीपुर स्थित खसरा नंबर 182/8 की 0.405 हेक्टेयर भूमि को लेकर शिवरतन सोनारे और गबरू राठौर के बीच सिविल न्यायालय बैतूल में प्रकरण विचाराधीन है। मामले में अगली सुनवाई 14 दिसंबर को निर्धारित है।
शिवरतन सोनारे का आरोप है कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद गबरू राठौर ने विगत 17 नवंबर को उक्त भूमि का पंजीकृत विक्रय पत्र कमलकिशोर सोनारे के नाम करा दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी दिन उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से संबंधित पक्षों को रजिस्टर्ड कानूनी नोटिस भेजकर भूमि का विक्रय नहीं करने की सूचना दी थी, इसके बावजूद रजिस्ट्री करा दी गई।
आवेदन में बताया गया है कि 18 नवंबर को जब शिवरतन सोनारे ने इस संबंध में गबरू राठौर और कमलकिशोर से आपत्ति जताई तो दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें यह कहते हुए चुनौती दी गई कि भूमि बेच दी गई है और वे जो कर सकते हैं कर लें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग आए दिन उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं और मारपीट की धमकी देते हैं।
शिवरतन सोनारे ने 25 नवंबर को कलेक्ट्रेट में शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कराने, धमकी देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा विवादित भूमि के मामले में न्याय दिलाने की मांग की है।



