बेतुल
बैतूल झोलाछाप क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैब की जांच कर सूची सार्वजनिक करे स्वास्थ्य विभाग : आप
अनाधिकृत क्लीनिकों पर कार्रवाई की मांग, आप ने सीएमएचओ को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

सरकारी अस्पतालों की अव्यवस्थाओं और निजी चिकित्सा संस्थानों की जांच के लिए सौंपा 11 सूत्रीय ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बैतूल। जिले में संचालित अनाधिकृत क्लीनिकों, पैथोलॉजी लैब, ब्लड कलेक्शन सेंटर और निजी अस्पतालों पर कार्रवाई सहित शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अजय सोनी की अध्यक्षता में सौंपे गए ज्ञापन में स्वास्थ्य संस्थानों की निष्पक्ष जांच और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पंजीयन एवं निर्धारित योग्यता के संचालित दवाखानों, झोलाछाप क्लीनिकों, पैथोलॉजी लैब, ब्लड कलेक्शन सेंटर, सोनोग्राफी सेंटर और निजी अस्पतालों की जांच कराने की मांग की गई। साथ ही जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एम्बुलेंस की अनुपलब्धता, आवश्यक दवाइयों की कमी, जांच रिपोर्ट में देरी और चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के अनुचित व्यवहार की शिकायतों की जांच कराने की बात कही गई। जिला अस्पताल में प्रसव के नाम पर पैसों की मांग किए जाने संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई गई।
पार्टी ने सभी विकासखंडों में विशेष स्वास्थ्य सर्वे अभियान चलाकर अधिकृत और अनाधिकृत चिकित्सा संस्थानों की सूची सार्वजनिक करने तथा पिछले तीन वर्षों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण और कार्रवाई का विवरण उपलब्ध कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने ज्ञापन पर 15 दिवस के भीतर जांच एवं कार्रवाई की प्रगति की लिखित जानकारी मांगी है। निर्धारित समय में प्रभावी कार्रवाई शुरू नहीं होने पर सीएमएचओ कार्यालय के बाहर सामूहिक धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
इस दौरान अजय सोनी, जिला अध्यक्ष विनोद जगताप, यूथ विंग प्रदेश उपाध्यक्ष शिबू विश्वकर्मा, प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जोन कोऑर्डिनेटर मुकेश गायकवाड़, प्रदेश संयुक्त सचिव अब्दुल अज़ीज़ खान, जिला उपाध्यक्ष ललित कुमार देशमुख एवं विशाल भालेकर, आमला विधानसभा अध्यक्ष रमेश भूमरकर, यूथ विंग जिला अध्यक्ष राकेश सिंह, महिला विंग जिला सचिव रजनी उइके, बैतूल विधानसभा संगठन मंत्री एडवोकेट भरत सेन, आमला विधानसभा उपाध्यक्ष शिवा वर्मा, बैतूल विधानसभा उपाध्यक्ष रिजवाना खान, आमला विधानसभा संयुक्त सचिव अंकित पाल, बैतूल विधानसभा संयुक्त सचिव सुनील धोटे, घोड़ाडोंगरी विधानसभा संयुक्त सचिव नर्मदा पांडे और भैंसदेही विधानसभा अध्यक्ष पवन मनावर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी ने कहा कि गरीब, आदिवासी और ग्रामीण नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।




