बेतुल

बैतूल संविधान दिवस पर महाविद्यालय में प्रश्नोत्तरी,पोस्टर मेकिंग एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित

संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
मुलताई। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुलताई में 26 नवंबर 2026 को भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संविधान दिवस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. भीमराव बारस्कर ने अपने उद्बोधन में संविधान को भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय के अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ पंडोले ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारी विविधता, सांस्कृतिक विरासत एवं लोकतांत्रिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा संविधान के प्रति जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
प्राध्यापक डॉ. नरेंद्र कुमार हनोते ने मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सशक्त लोकतंत्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध होना आवश्यक है।
प्रो. नवीन यादव के निर्देशन में संविधान दिवस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में एम.ए. राजनीति विज्ञान की छात्रा हर्षा साहू ने प्रथम, प्रीति ओमकार ने द्वितीय तथा संध्या पवार एवं करीना कुर्कांजी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
डॉ. दीपिका पिपरदे के निर्देशन में आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा पलक गोहिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.ए. प्रथम वर्ष की रितिका कुमरे एवं बी.ए. तृतीय वर्ष की अर्पिता जाधव ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि बी.ए. तृतीय वर्ष की शिवानी घाघरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. प्रियंका मोहबे ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में डॉ. पंकज कुमार झाड़े, प्रो. विजय कुमार पहाड़े, प्रो. प्रकाश गीते, डॉ. दीपिका पिपरदे, डॉ. वर्षा ठाकरे, प्रो. प्रियंका भोपते, डॉ. टी.एम. नागवंशी, प्रो. दिलीप धाकड़े सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button