ललितपुर
जनपद में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया संविधान दिवस
लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का दिखाया गया सजीव प्रसारण

डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट तथा सीडीओ की अध्यक्षता में विकास भवन में आयोजित हुई गोष्ठी
संविधान की उद्देशिका का पाठ कर दिलाई गई शपथ
संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं बाबा साहब डा.भीमराव आंबेडकर के राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया गया स्मरण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। संविधान दिवस पर जनपद में विभिन्न सरकारी कार्यालयों में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। डीएम सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गोष्ठी आयोजित की गई। शुभारंभ बाबा साहब डा.भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराया तथा संविधान के प्रति निष्ठा, सम्मान एवं उसके मूल आदर्शों के अनुपालन की शपथ दिलाई। इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसी क्रम में विकास भवन में सीडीओ की अध्यक्षता में संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद की समस्त तहसीलों एवं अन्य सभी शासकीय कार्यालयों में भी संविधान दिवस मनाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संविधान की उद्देशिका का पाठ किया गया तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। आयोजित गोष्ठियों एवं कार्यक्रमों में भारतीय संविधान की महत्ता, उसकी प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों पर प्रकाश डाला गया। साथ ही संविधान निर्माण में भारत रत्न बाबा साहब डा.भीमराव आंबेडकर की ऐतिहासिक एवं अतुलनीय भूमिका, उनके संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक समानता के लिए किए गए प्रयासों तथा राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान से उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया। इस दौरान बाबा साहब के जीवन दर्शन, उनके विचारों एवं सामाजिक न्याय, समानता तथा मानवीय गरिमा के प्रति उनके संकल्प को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। साथ ही यह प्रेरणा दी गई कि संविधान में प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही प्रत्येक नागरिक अपने संवैधानिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करे। संविधान दिवस के इन आयोजनों के माध्यम से जनपदभर में संवैधानिक चेतना को सुदृढ़ करने, लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति सम्मान बढ़ाने तथा संविधान के मूल आदर्शों को जनजीवन एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली में आत्मसात करने का संदेश दिया गया। इस दौरान बाल विवाह मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारी/कर्मचारियों ने हस्ताक्षर कर अभियान में अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान सीडीओ शेषनाथ चौहान, एडीएम दिनेश कुमार, एडीएम न्यायिक अशोक कुमार, डीआईओ, प्रोबेशन अधिकारी नन्दलाल सिंह सहित कलैक्ट्रेट के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



