बेटियों/ बालिकाओं की शिक्षा के ध्यानार्थ पाकुड़ के ग्रामीण इलाकों में बालिका विद्यालय की स्थापना जरूरी

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में महिला एवं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पाकुड़ के ग्रामीण इलाकों में पाली मोड़, मनीरामपुर व झिकरहाटी पश्चिमी समेत जिले सभी प्रखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका विद्यालयों की स्थापना की आवश्यकता महसूस की जा रही है। आधुनिक दौर में शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की अनेक बेटियां बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं। ऐसे में उनकी उच्च शिक्षा का रास्ता आसान बनाने के लिए ग्रामीण स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई बच्चियां पांचवीं कक्षा के बाद ही पढ़ाई छोड़ देती हैं। वही कुछ छात्राएं आठवीं तक पहुंचने के बाद नौवीं कक्षा में नामांकन नहीं करा पातीं। इसी तरह आठवीं या दसवीं पास करने के बाद भी बड़ी संख्या में बेटियों की पढ़ाई आगे जारी नहीं रह पाती। विशेषकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ने से उनके सामने कई तरह की परेशानियां उत्पन्न होती हैं। ऐसी स्थिति में ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरमीडिएट स्तर तक बालिका विद्यालयों की स्थापना समय की जरूरत है। यदि प्रत्येक प्रखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों को अपने आसपास ही माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा की सुविधा मिले, तो पढ़ाई बीच में छोड़ने की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इंटर तक शिक्षा प्राप्त करने से बेटियों का ज्ञान, आत्मविश्वास और भविष्य की सम्भावनाएं भी मजबूत होंगी। बेटियों की शिक्षा केवल परिवार तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा सम्बन्ध समाज और देश के विकास से है। शिक्षित बेटियां परिवार को बेहतर दिशा देने के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। इस दिशा में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को गंभीरता से पहल करने की जरूरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका विद्यालयों की आवश्यकता का आकलन कर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालय स्थापना की दिशा में ठोस पहल होनी चाहिए, ताकि पाकुड़ जिले की बेटियों को शिक्षा के लिए दूरी और अन्य परेशानियों का सामना न करना पड़े तथा वे आत्मनिर्भर बनकर अपने भविष्य को संवार सके।


