बेतुल
बैतूल सुभाष वार्ड का पीपल चौक बना असामाजिक तत्वों का अड्डा, शाम होते ही शुरू हो जाता है हुड़दंग
असामाजिक तत्वों के आतंक से परेशान महिलाएं पहुंचीं एसपी के पास, हर शाम गश्त की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बैतूल। सुभाष वार्ड माझी नगर पीपल चौक में बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों से परेशान महिलाओं ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। महिलाओं ने बताया कि हर शाम 6 बजे के बाद से रात्रि 10 बजे तक पीपल चौक पर शराब और गांजा पीने वाले असामाजिक तत्व जमा हो जाते हैं। ये लोग आपस में लड़ाई-झगड़ा करते हैं, आसपास से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। इस कारण वार्ड की महिलाएं डर के माहौल में जी रही हैं और शाम के समय पीपल चौक से आना-जाना मुश्किल हो गया है।
महिलाओं ने बताया कि उनके बच्चे भी इस माहौल से प्रभावित हो रहे हैं। पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं और हर समय डर बना रहता है। कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। असामाजिक तत्वों को जब समझाने का प्रयास किया जाता है तो वे गाली-गलौज करने लगते हैं और धमकी देते हैं। शिकायत करने पर पुलिस समय से नहीं पहुंचती, जिससे शराबी और असामाजिक लोग मौके से भाग जाते हैं।
महिलाओं ने बताया कि पहले भी शिकायतों पर पुलिस विभाग द्वारा दिन के समय समझाइश देने के लिए अधिकारी आते हैं, लेकिन वे केवल महिलाओं को ही समझाकर चले जाते हैं। इससे समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। महिलाओं ने मांग की है कि हर शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक बीट प्रभारी या पुलिस स्टाफ की गश्त अनिवार्य की जाए, ताकि वार्ड में शांति बनी रहे। शिकायत करने वालों में जमुना महाजन, देवना विश्वकर्मा, सिंधु बाई मोहबे, अनीता शास्त्री, कमला धुर्वे, कविता बारस्कर, शकुन पवार, लल्ली परते, पिंकी परिहार, पिंकी जावलकर, सभी वार्ड वासी उपस्थित थी