बरेली
बरेली में बारिश से जलमग्न हुआ पूरा शहर, जन जीवन अस्त व्यस्त
घरों-दुकानों, एसएसपी दफ्तर में भी जलभराव, रेल भी पटरी डूबी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। रविवार देर रात करीब दो बजे झमाझम बारिश शुरू हुई। यह क्रम सुबह छह बजे तक जारी रहा। करीब चार घंटे की बारिश से शहर में जलभराव हो गया। दुकानों और घरों में बारिश को पानी भर गया। कॉलोनियों में बने पार्क तालाब में तब्दील हो गए। बरेली में रविवार रात हुई बारिश से हाईवे से लेकर शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। दुकानों और घरों में भी बारिश को पानी भर गया। तमाम लोग घरों से नहीं निकाल पाए। कॉलोनियों में बने पार्क भी तालाब में तब्दील हो गए। सुभाषनगर और हजियापुर इलाके में जलभराव से सबसे बुरे हालात रहे। सुबह जब लोग जागे तो हालात देख दंग रह गए। तमाम लोग अपने घरों और दुकानों से पानी निकालते नजर आए। वहीं एसएसपी कार्यालय में भी बारिश का पानी भर गया। उधर, रेल लाइन पर पानी भरने से कई ट्रेनें प्रभावित हुईं हैं। सुबह 10 बजे तक शहर के कई इलाकों से जलभराव खत्म नहीं हो सका था।
नगर निगम की खुली पोल
नगर निगम के अधिकारियों ने आठ जून तक सभी नालों को साफ कराने का दावा किया था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। रविवार रात हुई पहली मूसलाधार बारिश में ही हकीकत खुल गई। नगर निगम के करीब स्थित सिकलापुर के कई मार्गों पर जलभराव हो गया। तमाम लोगों के घरों में पानी भर गया। सबसे खराब स्थिति मॉडल टाउन की रही, जहां पर मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के काम चल रहे हैं। सड़क खोद कर डाल दी गई है। लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है। टूटी सड़क और जलभराव की वजह से कई लोग गिरकर चोटिल हो गए। इसके अलावा स्मार्ट सिटी की सड़क भी कई स्थानों पर धंस गई। अयूब खान चौराहे की निकट दो स्थानों पर मुख्य मार्ग धंसने से गड्ढा गया।
सुभाषनगर की पुलिया पर जलभराव की वजह से आवागमन बाधित रहा। सुभाषनगर क्षेत्र में रहने वाली डेढ़ लाख आबादी जलभराव से प्रभावित हुई। शहर के हजियापुर, जगतपुर, राजेंद्र नगर, डेलापीर के निचले इलाकों में पानी घुसने से आम जनता को परेशानी रही।
बरेली सिटी और जंक्शन के बीच रेल लाइन पर चार फुट तक पानी भर गया। इससे बरेली-कासगंज लाइन पर पांच ट्रेनों को रास्ते में खड़ा किया गया। कुछ और ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। पानी निकासी के लिए सिटी रेलवे लाइन के करीब आधे दर्जन से ज्यादा पंपसेट लगाए गए हैं।