बेतुल
बैतूल प्रगति सोशल वेलफेयर समिति ने पौधारोपण से दिया हरियाली का संदेश
अभिनंदन सरोवर परिसर में पौधारोपण कर मनाया जन्मदिन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। प्रगति सोशल वेलफेयर समिति ने मंगलवार को अपने सदस्य तिरुपति जोशी गुड्डू के जन्मदिन को पर्यावरण सरंक्षण के संकल्प के साथ अभिनंदन सरोवर परिसर में पौधारोपण कर मनाया। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए स्वयं तिरुपति जोशी ने पौधा लगाया और सभी उपस्थित सदस्यों ने इस पहल की सराहना की।
समिति अध्यक्ष प्रेरणा शर्मा ने कहा कि आज हम यह संकल्प लेते हैं कि समिति का हर सदस्य अपने जन्मदिन पर पौधा अवश्य लगाएगा। इससे पर्यावरण को लाभ होगा और हर जन्मदिन को एक सकारात्मक कार्य से जोड़ा जाएगा।
इस मौके पर समिति सचिव नंदिनी तिवारी ने भी विचार साझा करते हुए कहा कि आज का समय पर्यावरण के प्रति सचेत रहने का है। जिस प्रकार से विकास के नाम पर पेड़ों की कटाई हो रही है, उसके बदले में पौधा रोपण का कोई ठोस प्रयास नहीं होता। अगर हम अब भी नहीं जागे, तो भविष्य में हमें भीषण गर्मी, जल संकट और मौसम में असंतुलन का गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा। इस पौधारोपण कार्यक्रम में समिति की ओर से कांति मिश्रा, मंगला जैन, प्रीति वर्मा, कार्तिक मिश्रा, दामोदर मिश्रा, सौरभ वर्मा, अंबर, प्रेरणा शर्मा, नंदिनी तिवारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधे की देखभाल करने का वादा किया।



