सिंगरौली

सरई क्षेत्र में गांव-गांव देशी-विदेशी शराब व गांजे की खुलेआम बिक्री हो रही: भगवती मानव कल्याण संगठन

भगवती मानव कल्याण संगठन ने सरई क्षेत्र की समस्याओं को लेकर निकाली गई जनजागरण पदयात्रा, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा 11 सूत्रीय ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। मंगलवार को भगवती मानव कल्याण संगठन शाखा सरई के तत्वावधान में क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर एक सशक्त जनजागरण पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा सरई के पिपराही तालाब से प्रारंभ होकर सरई तहसील कार्यालय तक निकाली गई, जिसमें संगठन के जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। पदयात्रा के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक 11 सूत्रीय ज्ञापन सरई तहसीलदार चंद्रशेखर मिश्रा को सौंपा गया। ज्ञापन में सरई क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को चिन्हित करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई।
गांव गांव बिक रही अवैध शराब
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सरई क्षेत्र के गांव-गांव में देशी-विदेशी एवं कच्ची महुआ की शराब और गांजे की खुलेआम बिक्री हो रही है, जो प्रशासनिक संरक्षण में फल-फूल रही है। अवैध शराब माफियाओं के बढ़ते आतंक से समाज विशेषकर युवावर्ग बर्बादी की ओर बढ़ रहा है। संगठन ने इन पर कठोर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
रेलवे स्टेशन पर कोयले की लोडिंग से लोग परेशान 
इसी क्रम में सरई रेलवे स्टेशन पर कोयले की लोडिंग से उत्पन्न कोल डस्ट एवं शोरगुल से नागरिकों को होने वाली कठिनाइयों पर चिंता व्यक्त की गई। मझौली की तर्ज पर स्टेशन से दूर वैकल्पिक रेललाइन बिछाने की मांग उठाई गई है, जिससे रहवासियों को राहत मिल सके। शासकीय विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार भी एक प्रमुख मुद्दा रहा। ज्ञापन में कहा गया कि बिना आर्थिक लेन-देन के आमजन का कार्य समय पर नहीं हो रहा है, जिससे जनता विभागों के चक्कर काटने को विवश है। इसके अतिरिक्त वर्षों से लंबित बस स्टैंड, शुलभ शौचालय व ऑटो स्टैंड की मांग को दोहराया गया, वहीं सरई सहित खनुआ, लंघाडोल एवं बिन्दूल क्षेत्र के अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी और पोस्टमार्टम सुविधा के अभाव पर भी प्रकाश डाला गया।
ज्ञापन में किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है। समय पर खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नकली खाद-बीज की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई। वहीं औद्योगिक परियोजनाओं से विस्थापित सैकड़ों परिवारों के स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की आवश्यकता पर बल दिया गया। रेल फाटक क्रमांक 3 पर ओवरब्रिज निर्माण, कोल परिवहन हेतु अलग मार्ग, सरई में बायपास मार्ग और लंघाडोल में अतिक्रमण हटाने एवं लंघाडोल में बैंक शाखा खोले जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
इस जनजागरण पदयात्रा में भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता, भगवती मानव कल्याण संगठन के जिला प्रभारी प्रेम सागर गुप्ता, जिला अध्यक्ष शिवाकांत अग्रहरि, सरई तहसील अध्यक्ष विजय जायसवाल, स्वामी शरण अग्रहरि, राम लल्लू शाह, शिव प्रसाद शाह, जमुना विश्वकर्मा, संतोष शाह सहित सैकड़ों अनुयायी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button