एमआईईटी में अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह पर तीन दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर प्रारंभ
योगाचार्य अनुज के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सीखे योगासन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के अंतर्गत तीन दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर की शुरुआत हुई। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
योगाचार्य अनुज के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियां सिखाई गईं। उन्होंने योग को अनुशासन और मानसिक संतुलन का माध्यम बताया। योग सत्रों में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और एनएसएस इकाई के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की।
इस अवसर पर वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो युवाओं को तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने की दिशा में मार्गदर्शन करता है। निदेशक डॉ. एसके सिंह ने योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम में धर्मेंद्र शर्मा, डॉ. हनी तोमर, डॉ. प्रवीण चक्रवर्ती, अजय चौधरी एवं अखिल गौतम की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शिविर के अंतिम दिन ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे योगाभ्यास कराए गए तथा इनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। एनएसएस इकाई ने शिविर के आयोजन और संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
यह शिविर न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बल देने वाला रहा, बल्कि मानसिक और भावनात्मक संतुलन को भी प्रोत्साहित करने वाला रहा। संस्थान ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई है।

