मेरठ

सरकार द्वारा महिलाओ के लिए रोजगार सृजन हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं-डा0 मीनाक्षी भराला 

 नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने बुधवार को सर्किट हाउस और सदर तहसील, मेरठ में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया। जनसुनवाई के दौरान पुलिस से संबंधित कुल 15 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

डॉ. भराला ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर होना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त किया कि वे बिना संकोच अपनी समस्याएं सामने रखें। जनसुनवाई के बाद उन्होंने थाना जानी का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को महिला उत्पीड़न के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि संबंधितों की सूची बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

महिला सशक्तिकरण को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक ग्रामीण महिला तक पहुंचे, इसके लिए गांव-गांव में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। कांवड़ यात्रा के बाद जनपद के सभी ब्लॉकों में समीक्षा की जाएगी कि महिलाओं को वृद्धावस्था, विधवा, विकलांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं।

उन्होंने ‘एक जनपद एक उत्पाद’ और ‘प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना’ जैसी रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं को मुफ्त टूलकिट, 10 दिवसीय प्रशिक्षण तथा आवागमन का मानदेय भी दिया जा रहा है। साथ ही बिना गारंटी और बिना ब्याज के ₹5 लाख तक का ऋण भी उपलब्ध है, जिसका लाभ महिलाओं को उठाना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कटारिया, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पारूल वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक सौम्य अस्थाना, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर खुशबू शर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button