मेरठ

सरकारी स्कूलों को बन्द करके गरीब, मजलूम, वंचितों के बच्चों को शिक्षा से दूर करना चाहती है योगी सरकार: अंकुश चौधरी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

मेरठ। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों को मर्ज करने, बंद करने के निर्णय के खिलाफ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी को ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश प्रवक्ता/जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने इस निर्णय को गरीब, दलित, वंचित, और शोषित समाज के बच्चों के भविष्य के लिए घातक बताया और इसे शिक्षा के अधिकार (RTE) अधिनियम, 2009 का खुला उल्लंघन करार दिया। अंकुश चौधरी ने कहा, “योगी आदित्यनाथ सरकारी स्कूलों को मर्ज करके गरीबों, मजलूमों, और वंचितों के बच्चों को शिक्षा से दूर करना चाहते हैं। यह निर्णय बच्चों के भविष्य पर बुलडोजर चलाने जैसा है। पिछले 4 वर्षों में 42 लाख बच्चों ने सरकारी स्कूल छोड़े हैं, और केवल 1 वर्ष में 8 लाख बच्चों ने पढ़ाई छोड़ दी है। अलीगढ़ में ही 58,000 बच्चों ने सरकारी स्कूल छोड़े हैं, जबकि 5,695 स्कूलों में केवल एक शिक्षक है। यह दर्शाता है कि सरकार जानबूझकर शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर रही है, ताकि शिक्षा का निजीकरण हो सके।”

सरकार मधुशालाएं खोलने में व्यस्त 

उन्होंने आगे कहा, “सरकार मधुशालाएं खोलने में व्यस्त है, जबकि पाठशालाएं बंद की जा रही हैं। 2024 में 27,308 मधुशालाएं खोली गईं, और 2025 में 27,000 स्कूल बंद करने की योजना है। यह मधुशाला बनाम पाठशाला की लड़ाई है। प्रदेश की जनता मधुशाला के बजाय पाठशाला चाहती है, ताकि हमारे बच्चे शिक्षित हो सकें।

समाज के कमजोर वर्गों को और पीछे धकेलेगी योजना

चौधरी ने बताया कि मिड-डे मील योजना, जो गरीब बच्चों को स्कूल लाने के लिए शुरू की गई थी, में नमक-रोटी और कीड़े-मकोड़े जैसी शिकायतें आम हैं। सरकार गुणवत्ता सुधारने के बजाय स्कूल बंद करने पर ध्यान दे रही है। RTE एक्ट के तहत 1 किलोमीटर के दायरे में स्कूल होना अनिवार्य है, लेकिन सरकार इस जिम्मेदारी से भाग रही है। यह नीति न केवल बच्चों को शिक्षा से वंचित करेगी, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को और पीछे धकेलेगी।

हर स्तर पर संघर्ष करेगी “आप”

अंकुश चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी गांव-गांव और जिला मुख्यालय पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा, “हम मेरठ सहित पूरे उत्तर प्रदेश के बच्चों का भविष्य बर्बाद नहीं होने देंगे। आम आदमी पार्टी शिक्षा के अधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

ये हैं मांग: 

1- मेरठ जिले में सरकारी स्कूलों को मर्ज करने/बंद करने की योजना को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।

2- RTE एक्ट के तहत 1 किलोमीटर के दायरे में प्राथमिक स्कूल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। स्कूल बंद करने के बजाय नए स्कूल खोले जाएं और शिक्षकों की कमी को दूर किया जाए।

3- मिड-डे मील की गुणवत्ता में तत्काल सुधार किया जाए ताकि गरीब बच्चे स्कूल आने के लिए प्रेरित हों।

4- सभी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं जैसे भवन, शिक्षक, और शिक्षण सामग्री तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

ये रहे मौजूद 

महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी, जिला महासचिव जीएस राजवंशी, जिला संरक्षक एसके शर्मा, जिला उपाध्यक्ष हबीब अंसारी, शिक्षक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष हेम कुमार, किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष फुरकान त्यागी, यूथ विंग जिला अध्यक्ष शिव कुमार, दक्षिण विधान सभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी, सरधना विधानसभा अध्यक्ष जावेद सिद्दीकी, महानगर सचिव कुन्दन कुमार, जिला सचिव वैभव मलिक आदि पदाधिकारी शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button