मथुरा
पहले भाई को तड़पा-तड़पा कर मारा, फिर भतीजी का कत्ल, पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा

मथुरा के थाना गोविंद नगर के जन्मभूमि स्थित गेट नंबर तीन के पास कटरा केशवदेव टी प्वाइंट वाली गली में शुक्रवार की रात को भाई और भतीजी की चाकू से गोदकर हत्या हुई थी। हत्यारोपी भाई मौके से भाग गया। शुक्रवार को तड़के आईएसबीटी के पास हत्यारोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में टांग में गोली लगने से घायल हत्यारोपी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि 27 जून की रात को संजय (40) घर में खाना खा रहे थे। तभी उनका छोटा भाई खिल्लन हाथ में चाकू लेकर आया और संजय पर प्रहार कर दिया। पिता पर प्रहार होता देख बेटी अंजलि (18) बचाने के लिए आई। हत्यारोपी ने भतीजी को भी नहीं बक्शा और उसके ऊपर भी चाकू घोंप दिया। चाकू लगने से पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों की मौत हो गई। एसएसपी श्लोक कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लिया और हत्यारोपी खिल्लन को गिरफ्तार करने के लिए गोविंद नगर, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस की टीम का गठन किया।
शुक्रवार के तड़के पुलिस को सूचना मिली कि हत्यारोपी नए बस स्टैंड के पास घूमता देखा गया है। सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजकमल, एसओजी प्रभारी राकेश यादव, स्वाट टीम प्रभारी छोटेलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को माहेश्वरी चौराहे स्थित गोकुल रेस्टोरेंट के पास घेर लिया। स्वयं को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में खिल्लन की टांग में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल होने के बाद भी उसने पुलिस पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे तमंचा और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।



