चौधरी चरण सिंह के नाम पर किया पेंट, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

मोदीनगर। निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव अबूपुर में उस समय तनाव का माहौल बन गया जब कुछ अज्ञात कार सवार असामाजिक तत्वों ने गांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर लिखे पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर पेंट पोत दिया। यह हरकत ग्रामीणों की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली थी, जिससे मौके पर हंगामा हो गया।
ग्रामीणों ने इसे सांप्रदायिक उकसावे की कोशिश बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर पुलिस को सूचना दी। निवाड़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शिकायत दर्ज कर ली है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह जानबूझकर की गई हरकत है ताकि गांव में शांति भंग हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।




