गोड्डा

ओवरब्रिज निर्माण में लापरवाही

पथरगामा-तरडीहा नेशनल हाईवे पर सड़क गड्ढे में तब्दील, राहगीर हो रहे परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा : – पथरगामा-तरडीहा नेशनल हाईवे पर स्थित अधूरे ओवरब्रिज निर्माण कार्य लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। ओवरब्रिज के नीचे की सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जब ओवरब्रिज के नीचे कीचड़ का जमाव हो जाता है और रास्ता पूरी तरह फिसलन भरा हो जाता है। यह सड़क पथरगामा से बसंतराय की ओर जाती है और दिनभर इस मार्ग पर वाहनों व लोगों की आवाजाही बनी रहती है। अधूरे निर्माण कार्य और खराब सड़क के चलते लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। कई बार राहगीर कीचड़ में फिसल कर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य कर रही कंपनी डीबीएल (DBL) ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों में आक्रोश
राजद ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष मदन साह ने इस मुद्दे पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, “ओवरब्रिज निर्माण कार्य में जिस प्रकार की लापरवाही बरती जा रही है, वह जनता के साथ सरासर अन्याय है। डीबीएल कंपनी को जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करना चाहिए ताकि बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।”वहीं क्षेत्र के वरिष्ठ ग्रामीण केदार ठाकुर ने भी विभाग और निर्माण एजेंसी से अविलंब कार्य को पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक यह निर्माण कार्य पूरा नहीं होता, तब तक अस्थायी व्यवस्था कर के लोगों को राहत दी जानी चाहिए।
प्रशासन की चुप्पी पर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि आखिर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर चुप क्यों हैं। अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो यह अधूरा ओवरब्रिज किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
जनहित की अनदेखी कर रहा डीबीएल कंपनी ?
जानकारी के अनुसार, इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पिछले कई महीनों से अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई विशेष इंतजाम नहीं हैं और न ही वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है, जिससे आने-जाने वाले राहगीरों की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता सभी एक सुर में मांग कर रहे हैं कि डीबीएल कंपनी और जिला प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर जल्द से जल्द संज्ञान लें और निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करवाएं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button