बेतुल
बैतूल महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को गर्भ संस्कार विषय पर दिया प्रशिक्षण
आयुष कार्यालय में हुई महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बैतूल। जिले की समस्त महिला आयुर्वेद स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक का आयोजन जिला आयुष कार्यालय बैतूल में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने की, जबकि नोडल अधिकारी डॉ. मनक धुर्वे एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. अजय मांडवे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में कार्यकर्ताओं को गर्भ संस्कार, प्रसव पूर्व देखभाल, गर्भिणी परिचर्या, प्रसव पश्चात देखभाल, टीकाकरण, कुपोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन जानकारी दी गई। गर्भ संस्कार विषय पर डॉ. विनीता महादुले, डॉ. लक्ष्मी किशनानी और डॉ. शारदा चौधरी ने विस्तृत व्याख्यान देते हुए बताया कि गर्भ संस्कार क्या होता है, इसे कैसे किया जाता है और यह क्यों जरूरी है। उन्होंने यह भी समझाया कि महिला आयुर्वेद स्वास्थ्य कार्यकर्ता समाज की महिलाओं के निकट रहती हैं, इसलिए वे गर्भ संस्कार के लाभों को समझाकर महिलाओं को प्रेरित कर सकती हैं, जिससे आने वाली पीढ़ी संस्कारी बन सके। अन्य विषयों पर डॉ. अतुल राय, डॉ. विशाल वर्मा, डॉ. वंदना शाक्य, डॉ. सुशील सोनी, डॉ. मनोज सूर्यवंशी एवं डॉ. निधि मालवीय ने भी अपने-अपने विषयों पर मार्गदर्शन दिया। इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता को और बेहतर बनाना तथा उनके कार्यों में गुणवत्ता लाना रहा। बैठक के अंत में सभी महिला आयुर्वेद स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने इस तरह की बैठक को उपयोगी बताया और आग्रह किया कि ऐसे आयोजन नियमित रूप से होते रहें।




