जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत | राष्ट्रीय बजरंग दल, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बड़ौत तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी को प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देश में बढ़ती जनसंख्या को गंभीर खतरा बताते हुए सख्त जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष अर्जुन तोमर के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में कहा गया कि देश में तेज़ी से बढ़ रही जनसंख्या के चलते संसाधनों पर अत्यधिक बोझ पड़ रहा है। शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, जल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सीमित हो रही हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ विशेष वर्ग जानबूझकर अधिक बच्चे पैदा कर रहे हैं जिससे देश में जनसंख्या का असंतुलन और सांप्रदायिक तनाव बढ़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्र सरकार ऐसा कानून बनाए जिसमें सभी धर्मों पर समान रूप से दो बच्चों की नीति लागू हो। साथ ही जो व्यक्ति इस नीति का उल्लंघन करे, उसे सरकारी सुविधाओं से वंचित किया जाए।
मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मलानिया ने कहा, “जनसंख्या नियंत्रण कानून अब देश की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बन चुका है। हम किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन जब एक वर्ग रणनीति के तहत अधिक जनसंख्या बढ़ा रहा है तो यह देश की स्थिरता के लिए खतरा है। सरकार को जाति-धर्म से ऊपर उठकर जनहित में सख्त कानून बनाना चाहिए।”
इस अवसर पर अर्जुन तोमर, ऋषिपाल सेंगर, राजकुमार, अरविंद तोमर, प्रियंका सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।



