जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा ने किया सामुदायिक शौचालय का शिलान्यास

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गढ़वा: जिला परिषद के द्वारा 15वें वित्त योजना से पंडरिया पंचायत के ग्राम पंडरिया (बेलपहाड़ी ) उत्क्रमित मध्य विद्यालय के परिसर में सामुदायिक शौचालय निर्माण का शिलान्यास जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा के करकमलों द्वारा संपन्न किया गया। इस योजना का निर्माण लाभुक समिति द्वारा किया जाना है, जिसका अध्यक्ष विनोद उरांव और सचिव रीना देवी हैं।
जिला परिषद द्वारा इस योजना के लिए 2,49,000 रुपये की राशि आवंटित की गई है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया और उन्हें स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
शर्मा ने कहा “स्वच्छता और शिक्षा हमारे समाज के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने आगे कहा, “हमारे विद्यालयों में स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध होने से छात्रों का स्वास्थ्य बेहतर होगा और वे अपने अध्ययन पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। हमें अपने विद्यालयों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।”
कार्यक्रम में उपस्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक जितेन्द्र पाण्डे, इखलाक अंसारी , प्रदीप पाल, याकुब अंसारी , नसीम अंसारी,ल लाभुक समिति के अध्यक्ष विनोद उरांव और सचिव रीना देवी ने जिला परिषद सदस्य का आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि इस योजना का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।
प्रधानाचार्य द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि –
विगत कई वर्षों से शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्र – छात्राओं को काफी असुविधा होती है,जिसके कारण उनका पठन – पाठन भी प्रभावित हो रहा था,लेकिन अब शौचालय के शीघ्रता से निर्माण होने के बाद समस्या दूर हो जाएगी। साथ ही जिला परिषद रंजनी शर्मा को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा के प्रयासों की सराहना की और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।



