गोड्डा
पितृपक्ष को लेकर कझिया घाट पर सफाई व्यवस्था तेज़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। पितृपक्ष (7 से 21 सितम्बर) के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद गोड्डा ने कझिया नदी घाट, रौतारा पर व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य घाट और उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को तर्पण और पिंडदान करने में कोई असुविधा न हो।
सफाई अभियान की निगरानी और प्रेरणा के लिए समाजसेवी सौरभ परासर उर्फ बच्चू झा, निवर्तमान वार्ड पार्षद गुणानंद झा और अश्वनी झा बबलू मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर परिषद के कर्मचारियों से पितृपक्ष शुरू होने से पहले ही घाट की पूरी तरह से सफाई कर लेने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पूरे पितृपक्ष के दौरान घाट की निरंतर सफाई और रखरखाव होता रहे। इस महत्वपूर्ण कार्य में नगर परिषद के कर्मचारी सुमेश्वर मेहतर, दीपक कुमार और अविनाश कुमार पूरे लगन के साथ जुटे हुए हैं। वे घाट से कचरा और गंदगी हटाने, झाड़ू लगाने और नदी के किनारे को साफ करने का काम युद्धस्तर पर कर रहे हैं।
नगर परिषद ने बताया कि हर साल पितृपक्ष में हजारों श्रद्धालु अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने के लिए इस घाट पर आते हैं। उनकी आस्था और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, प्रशासन ने सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पितृपक्ष शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएगी।



