
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय का बहुभाषा अध्ययन केंद्र विद्यार्थियों को नए और बेहतर करियर अवसर प्रदान कर रहा है। यहां संचालित होने वाले फ्रेंच, जर्मन, मंदारिन और स्पेनिश जैसी विदेशी भाषाओं के डिप्लोमा पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल वैश्विक ज्ञान से जोड़ रहे हैं, बल्कि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर भी दिला रहे हैं। इसमें एमकॉम की छात्रा रहीं सुगंधा शर्मा ने पारंपरिक करियर की राह छोड़कर विश्वविद्यालय के फ्रेंच और जर्मन भाषा डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया। इसे सफलतापूर्वक पूरा किया। अब हाल ही में उन्हें एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में फ्रेंच भाषा अध्यापिका के रूप में नौकरी मिली है। अपनी सफलता से उत्साहित होकर सुगंधा शर्मा ने विभाग आकर विभागाध्यक्ष डॉ. अनीता त्यागी के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन्हें इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया। सुगंधा ने कहा कि बहुभाषीय पाठ्यक्रम से जर्मन और फ्रेंच भाषा में डिप्लोमा करने के कारण विदेशी भाषा शिक्षिका की नौकरी मिली। कुलपति प्रो. केपी सिंह का धन्यवाद देते हुए उन्होंने बरेली जैसे शहर में ऐसे उन्नत विदेशी भाषा के पाठ्यक्रम शुरू करके यहां के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर भी बताया ।

