बेतुल

बैतूल पहली ही बारिश में बह गया खोखरा का पुल  

20 प्रतिशत कमीशन लेकर घटिया ठेकेदार को काम देने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शाहपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत खोखरा में दो महीने पहले विधायक निधि से बनवाया गया पुल पहली ही बारिश में ढह गया। यह पुल खोखरा से शीतलझीरी मार्ग को जोड़ता है और हजारों ग्रामीणों की आवाजाही का एकमात्र सहारा था। पुल के बह जाने से अब ग्रामीणों की जिंदगी खतरे में पड़ गई है और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
भाजपा विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके पर गंभीर आरोप लगाते हुए समाजसेवी और युवा नेता कमलेश यादव ने कहा कि यह पुल जनता की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि विधायक द्वारा अपने खास ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए बनवाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 प्रतिशत कमीशन लेकर घटिया ठेकेदार को काम दे दिया गया और नतीजा यह हुआ कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद पुल पहली बरसात में ही बह गया।
कमलेश यादव ने इस घटना को जनता के पैसों की खुली लूट बताया और कहा कि भ्रष्टाचार और लापरवाही का खामियाजा अब गांव के लोग भुगत रहे हैं। वहीं खोखरा और आसपास के गांवों के ग्रामीणों में भी भाजपा नेताओं और विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके के खिलाफ गहरा गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक ने जनता के पैसों का दुरुपयोग कर अपने करीबी लोगों को फायदा पहुंचाया और जनता को घटिया निर्माण का बोझ सहना पड़ा। ग्रामवासियों ने यह भी आशंका जताई है कि इस टूटे हुए पुल से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीण अब शासन-प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच हो और दोषी ठेकेदार व जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button