गोड्डा
हनवारा में थाना भवन निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आमरण अनशन व धरना प्रदर्शन की घोषणा

नेशनल प्रेस टाइम्स व्यूरो
गोड्डा ; हनवारा संवाददाता/हनवारा थाना क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रस्तावित थाना भवन को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से हनवारा में थाना भवन निर्माण की मांग लंबित पड़ी है। इसी को लेकर ग्रामीण जनता ने दिनांक 22 दिसंबर 2024 को हनवारा चौक पर एक दिवसीय धरना दिया था जिसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।
उस समय मौके पर पहुंचे थे महागामा अंचल अधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि बहुत जल्द ही सरकारी स्तर पर हनवारा में जमीन चिन्हित कर थाना भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। किंतु ग्रामीणों का आरोप है कि इतने महीनों बाद भी इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
समाजसेवी साईन आलम ने घोषणा की है कि दिनांक 10 /8/ 2025, समय पूर्वाह्न 2:00 बजे से मिल्की चौक पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों का दावा है कि इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।ग्रामवासी साकीर आलम ने कहा – हनवारा में थाना भवन का निर्माण हमारी पहली मांग है। यहां की आबादी और अपराध की स्थिति को देखते हुए थाना भवन का होना बेहद जरूरी है। सरकार हमें बार-बार सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन अब हम आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं ग्रामीण ने आक्रोश जताते हुए कहा महिलाओं की सुरक्षा और गांव की शांति व्यवस्था के लिए थाना भवन जरूरी है। अगर प्रशासन ने हमारी मांग नहीं मानी तो हम सड़क पर उतरकर आंदोलन तेज करेंगे।
इसी बीच ग्रामीण नेता साईन आलम ने कहा हमारी मांग जायज़ है। पहले भी एसडीओ साहब ने आश्वासन दिया था, लेकिन जब तक लिखित आदेश और जमीन चिन्हित नहीं होती, तब तक हम अनशन व धरना जारी रखेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने इस बार भी उनकी मांग को नजरअंदाज किया, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।



