मा. मंत्री धर्मपाल सिंह ने की कानून-व्यवस्था व बाढ़ की समीक्षा,
कहा- विकास और सुरक्षा हमारी सरकार की प्राथमिकता

शनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ | पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन विभाग उ.प्र. के मा. मंत्री एवं प्रभारी मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने आज विकास भवन सभागार में कानून-व्यवस्था और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मंत्री जी का स्वागत पौधा भेंट कर किया।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण तेज़ी से हो तथा फसल क्षति का सर्वे कर किसानों को शीघ्र मुआवज़ा उपलब्ध कराया जाए। क्षतिग्रस्त मार्गों और बांधों की मरम्मत कार्यवाही तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति 24 घंटे सुनिश्चित की जाए। बरसात से क्षतिग्रस्त तारों और ट्रांसफार्मरों को तत्काल ठीक किया जाए तथा शहर में ट्रिपिंग की समस्या पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सेवा पखवाड़ा 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक
मंत्री ने बताया कि 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को बरसात के बाद बढ़ रहे संक्रामक रोगों पर नियंत्रण के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।
मेरठ के समग्र विकास पर जोर
मा. मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश को विकसित राज्य बनाने में मेरठ की अहम भूमिका है, इसलिए यहां योजनाओं को मिशन मोड में लागू किया जाए। वर्ष 2024-25 में आवंटित बजट का 80 प्रतिशत व्यय दिसम्बर 2025 तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। औद्योगिक पार्कों को पीपी मॉडल पर बढ़ावा देने और स्थानीय निकाय व पंचायत चुनाव की तैयारियों को गति देने पर भी बल दिया गया।
कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश
मंत्री ने कहा कि थानों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और पीड़ित की रिपोर्ट हर हाल में दर्ज की जाए। पुलिस विभाग को निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्यवाही करने के साथ-साथ स्वच्छता सप्ताह आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
बाढ़ प्रभावित गांव का दौरा
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने मवाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम मीरपुर साधु नांगल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पीड़ित परिवारों को राहत किट और चेक वितरित किए और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा, “सरकार प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर प्रकार की मदद सुनिश्चित की जाएगी।”
प्रधानमंत्री की नीतियों की सराहना
प्रेसवार्ता में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने हाल ही में घोषित नए जीएसटी स्लैब को गरीब, किसान, मजदूर और व्यापारी सभी वर्गों के लिए बड़ी सौगात बताया। मंत्री ने कहा कि जीवन रक्षक दवाओं पर कोई कर नहीं होगा और स्वास्थ्य व जीवन बीमा पर से जीएसटी समाप्त कर दी गई है।
इस अवसर पर मा. राज्यमंत्री ऊर्जा सोमेन्द्र तोमर, जलशक्ति विभाग के मा. राज्यमंत्री दिनेश खटीक, महापौर हरिकान्त अहलुवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, मा. एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, एसएसपी विपिन ताडा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, सीडीओ नूपुर गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





