न्यू मधुबन वाशरी हादसा, एकबोकारो से मंगाया गया एयर लिफ्ट उपकरण
New Madhuban Washery accident, air lift equipment ordered from Bokaro

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। बाघमारा स्थित बीसीसीएल ब्लॉक-2 के न्यू मधुबन वाशरी में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, वाशरी का नंबर-1 साइलो अचानक धराशायी हो गया, जिससे हजारों टन वाश कोयला मलबे के साथ नीचे आ गिरा। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे। हादसे के दौरान नंबर-3 साइलो में एक श्रमिक फंस गया, जिसे सुरक्षित निकालने के लिए घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव कार्य में मदद के लिए बोकारो स्टील से एयर लिफ्ट उपकरण (किरान) मंगाया गया, वहीं ड्रोन कैमरे की मदद से श्रमिक की स्थिति पर लगातार नज़र रखी गई। अंततः ग्रामीणों, प्रशासन और बीसीसीएल टीम के सहयोग से श्रमिक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। फंसे कर्मी को चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। घटना के बाद बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी मौके पर पहुँचे और कंपनी प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए नाराज़गी जताई। उन्होंने दोषी ठेकेदारों और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं ब्लॉक-2 महाप्रबंधक कुमार रंजीव ने बताया कि न्यू मधुबन वाशरी से 2023 में उत्पादन शुरू हुआ था। हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। उन्होंने माना कि वाशरी बंद होने से उत्पादन प्रभावित होगा, जिसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। महाप्रबंधक ने रेस्क्यू में सहयोग करने वाले सभी पक्षों का आभार जताया। इस हादसे ने वाशरी निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि महज दो साल के भीतर करोड़ों की लागत से बनी संरचना ढह गई। इसको लेकर स्थानीय मजदूर संगठनों और जनप्रतिनिधियों में गहरी नाराज़गी है। मौके परकुमार रंजीव, महाप्रबंधक, ब्लॉक-2,शत्रुघ्न महतो, विधायक, बाघमारा, गोपाल मिश्रा, केंद्रीय उपाध्यक्ष, जनता मजदूर संघ उपस्थित थे।



