गोड्डा

पोड़ैयाहाट के चंद्र ग्रामीण इंडेन वितरक पर अतिरिक्त राशि वसूली का आरोप, उपभोक्ता परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा/पोड़ैयाहाट। पोड़ैयाहाट प्रखंड स्थित चंद्र ग्रामीण इंडेन गैस वितरक पर उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने का आरोप लगा है। इस संबंध में कई उपभोक्ताओं ने शिकायत करते हुए बताया कि गैस सिलेंडर का सरकारी मूल्य 911 रुपये निर्धारित है, लेकिन एजेंसी के डिलीवरी कर्मी इस दर पर सिलेंडर देने से मना कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, डिलीवरी कर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं से खुलेआम कहा जा रहा है कि 911 रुपये में सिलेंडर नहीं मिलेगा, अधिक पैसा देना होगा। लेना है तो लीजिए, नहीं तो छोड़ दीजिए। ऐसे में उपभोक्ता मजबूरी में निर्धारित मूल्य से अधिक राशि देने को विवश हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा प्रत्येक सिलेंडर पर 20 से 50 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही है। विरोध करने पर डिलीवरी में जान बूझकर देरी की जाती है या बुकिंग रद्द कर दी जाती है। लोगों का कहना है कि यह स्थिति कई महीनों से लगातार बनी हुई है। जिससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने इसे एजेंसी की मनमानी करार देते हुए कहा कि यह गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ अन्याय है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, आपूर्ति विभाग और गोड्डा के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले की तुरंत जांच की जाए और दोषी एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराएंगे। लोगों का कहना है कि उपभोक्ताओं को सरकारी दर पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक मांग है और इसे सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button