बरेली
डॉक्टर ने प्रेमिका को इंजेक्शन लगाकर किया बेहोश निर्वस्त्र कर हाईवे पर फेंका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बरेली में एक शादीशुदा डॉक्टर ने अपनी प्रेमिका के साथ ऐसी बर्बरता की, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। डॉक्टर ने युवती को तीन इंजेक्शन लगाकर बेहोश किया, फिर चेहरे और शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे प्रहार किए और निर्वस्त्र कर दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर फेंक दिया। उसकी योजना थी कि युवती किसी वाहन से कुचलकर मारी जाएगी और यह सड़क हादसा लगेगा। लेकिन किस्मत से समय रहते ग्रामीणों ने लहूलुहान युवती को देखा और पुलिस को सूचना दे दी। बदायूं निवासी युवती ने पांच साल पहले बरेली के मेडिकल कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई की थी। इसके बाद वह बीसलपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी करने लगी। वहीं उसकी मुलाकात एक बीएएमएस डॉक्टर से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर युवती को अपने जाल में फंसा लिया। बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। इसी वजह से दोनों में कलह शुरू हो गई थी।



