अमरोहा
अमरोहा में प्रभारी मंत्री केपी मलिक का दौरा
विकास कार्यों की समीक्षा, स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन; अधिकारियों को दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के वन पर्यावरण राज्यमंत्री एवं अमरोहा जिले के प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने बुधवार को जिले का दौरा किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। सेवा पखवाड़े के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन भी किया। मंत्री ने पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन विशिष्ट अतिथिगृह का निरीक्षण किया। उन्होंने अमरोहा कैलसा मार्ग से पाकबड़ा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा में जल निगम से गांवों में पानी की सप्लाई की स्थिति जानी।विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफॉर्मर को तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग से गौशालाओं के संचालन, टीकाकरण और नई गौशालाओं के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए कैंप लगाकर कार्ड बनाने के निर्देश दिए।टीबी मरीजों की संख्या को नियंत्रित रखने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप आवास निर्माण की प्रगति देखी। मंत्री ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास योजना से वंचित न रहे।




