सिंगरौली

 माँ धनौजा मंदिर प्रांगण में गरबा महोत्सव, उमड़ी हजारों की भीड़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। शारदीय नवरात्र के पंचमी तिथि को शनिवार की शाम सरई क्षेत्र का ऐतिहासिक धनौजा मंदिर प्रांगण भक्ति, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर हो उठा। अवसर था गरबा महोत्सव का, जिसका सुगंन कंवर सिंह भाटी पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत घोघरा के संयोजन में बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि हजारों की संख्या में लोग दूर-दराज़ के गाँवों से पहुँचकर इस सांस्कृतिक उत्सव के साक्षी बने। ढोल-नगाड़ों की थाप और संगीत की धुनों पर महिलाओं और बच्चियों ने पारंपरिक परिधानों में गरबा नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। नृत्य की लय और रंग-बिरंगी डांडियों की खनक ने वातावरण को और भी आकर्षक बना दिया। रात 11 बजे तक चले इस आयोजन में हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सांस्कृतिक धारा में डूबते-उतराते रहे।
उल्लेखनीय है कि सरई क्षेत्र में गरबा महोत्सव की परंपरा की शुरुआत प्रेम सिंह भाटी ने की थी। उनके प्रयासों और निरंतर सामाजिक सक्रियता का ही परिणाम है कि आज सरई क्षेत्र के कोने-कोने में गरबा महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।विदित हो कि प्रेम सिंह भाटी हमेशा से ही क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उनके द्वारा किए गए ऐसे प्रयासों ने न केवल स्थानीय संस्कृति को नई पहचान दी है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा दी है। गरबा महोत्सव में उमड़ी भीड़ और उमंग-उल्लास से झूमते लोग इस बात का प्रमाण बने कि संस्कृति की जड़ों से जुड़ाव समाज को एक नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करता है।
सरई क्षेत्र में गरबा महोत्सव की धूम
इन दिनों सम्पूर्ण सरई क्षेत्र में गरबा महोत्सव की अद्भुत छटा बिखरी हुई है। नगर के कोने-कोने में आयोजित हो रहे इन कार्यक्रमों के मूल प्रेरणास्रोत समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी की पत्नी सुगंन कंवर सिंह भाटी ही माने जा रही हैं। स्मरणीय है कि वर्ष 2024 में सर्वप्रथम माँ धनौजा मंदिर प्रांगण में उनके प्रयासों से गरबा का आयोजन हुआ, जिसने एक नई सांस्कृतिक परंपरा की नींव रखी। तभी से उत्सव की यह धारा निरंतर प्रवाहित होती हुई आज विभिन्न स्थलों तक पहुँच चुकी है।
इस वर्ष गरबा महोत्सव की श्रृंखला में रविवार को कंचन भवन, तहसीलदार आवास कॉलोनी में तथा सोमवार को कन्या हायर सेकंडरी स्कूल, सरई में भव्य आयोजन प्रस्तावित है। ढोल-नगाड़ों की थाप, नृत्य की लय और भक्तिभाव से ओत-प्रोत वातावरण जनमानस को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य कर रहा है। नि:संदेह यह सब प्रेम सिंह भाटी के सतत् प्रयास और सांस्कृतिक चेतना के प्रति समर्पण का ही प्रतिफल है। अभी तक का सबसे बेहतर आयोजन माना जा रहा है।
गरबा महोत्सव हुआ सफल आयोजन
माँ धनौजा मंदिर प्रांगण सरई में आयोजित गरबा महोत्सव अपार सफलता के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत घोघरा सुगंन कंवर सिंह भाटी ने श्रद्धालुजनों, मातृशक्ति, युवाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में दूर-दराज़ से पधारे लोगों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। भाटी ने विशेष रूप से सरई तहसीलदार चन्द्रशेखर मिश्र, थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह, राजस्व निरीक्षक राम नरेश सोनी, व्यापारी बंधु, पत्रकार साथियों एवं गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि यह उत्सव समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। पत्रकार साथियों व सोशल मीडिया सहयोगियों द्वारा किए गए प्रचार-प्रसार को भी उन्होंने सराहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button