कर्माटांड़ बाजार में स्थायी छठ घाट निर्माण को लेकर बैठक, रविवार से शुरू होगा सफाई एवं रोड कार्य
Meeting regarding construction of permanent Chhath Ghat in Karmatand market, cleaning and road work to begin from Sunday

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत काली मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह ने कर्माटांड़ बाजारवासियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बाजार क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद राहुल सिंह ने कर्माटांड़ बाजार स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया और वहां की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष तक कर्माटांड़ बाजार में एक स्थायी छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा, ताकि हर वर्ष श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। फिलहाल आगामी छठ पर्व को देखते हुए छठ घाट की सफाई एवं वहां तक पहुंचने वाले सड़क मार्ग की मरम्मत का कार्य रविवार से शुरू करने का निर्णय लिया गया। साथ ही गणपत चौक स्थित हाई मास्ट लाइट के रिपेयर और उसे शीघ्र चालू करने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया गया। इसके अलावा फाटक से बाजार तक की सड़क निर्माण कार्य को लेकर भी चर्चा हुई, जिसके लिए उच्च अधिकारियों से संपर्क कर जल्द कार्य आरंभ करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सभी कार्य समय पर पूरे करने का प्रयास किया जाएगा ताकि आम जनता को सुविधाएं मिलें। मौके पर सारठ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रहे विक्की मंडल ने भी उपस्थित रहकर कहा कि “यदि ये कार्य स्थानीय विधायक द्वारा नहीं किए जाते हैं, तो मैं स्वयं इन कार्यों को पूरा करवाऊंगा, क्योंकि कर्माटांड़ का विकास किसी भी हाल में रुकने नहीं दूंगा।” इस अवसर पर मोहन साह, टिंकू रेखन, विमल जायसवाल, मंथन गुप्ता, बलराम शाह, चंदन साह, राम रतन मंडल बेजन मंडल सोनी गुप्ता हरेराम यादव बालू मंडल रोहन गुप्ता रामजी जायसवाल कंचन पोद्दार परेश दत्त सुनील शाह सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।



