जामताड़ा
नहाए-खाए के साथ शुरू हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को पारंपरिक ‘नहाए-खाए’ के साथ हो गई। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पवित्र अनुष्ठान के पहले दिन करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र का पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। प्रखंड के मेन बाजार, मुरलोड़ी,मंडलटोला, मोहनपुर, चेरगरा, ढेरवाड़ी, डूमरिया समेत दर्जनों गांवों में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है।
शुक्रवार को सुबह से ही छठ व्रतियों ने पवित्र नदियों, तालाबों और जलाशयों में स्नान कर इस महाव्रत का संकल्प लिया। इसके बाद सूर्य देव का स्मरण कर पूरी शुद्धता और सात्विक तरीके से पारंपरिक भोजन तैयार किया गया। ‘नहाए-खाए’ के दिन व्रतियों और उनके परिवारों द्वारा अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू (लौकी) की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है, जिसे विशेष रूप से पीतल या कांसे के बर्तनों में और आम की लकड़ी की आंच पर पकाया जाता है। इस भोजन को ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास और कठिन अनुष्ठान प्रारंभ हो जाता है।
प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में इस महापर्व को लेकर अभूतपूर्व रौनक है। मेन बाजार से लेकर मोहनपुर और डूमरिया जैसे गांवों में छठ घाटों की साफ-सफाई और सजावट का कार्य अंतिम चरण में है। बाजार में पूजन सामग्री, सूप, डागरा, फल और नए वस्त्रों की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। जगह-जगह गूंज रहे छठ के पारंपरिक लोकगीत ‘मारबो रे सुगवा धनु से…’, ‘कांच ही बाँस के बहंगिया…’ पूरे परिवेश को गुंजायमान कर रहे हैं।
मान्यता है कि छठ महापर्व प्रकृति, स्वच्छता और सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे बड़ा पर्व है। इस दौरान जात-पात और ऊंच-नीच के भेदों को भुलाकर पूरा समाज एक रंग में रंग जाता है। प्रशासन और स्थानीय कमेटियों द्वारा भी छठ घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और रोशनी की चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही है, ताकि व्रतियों और अस्ताचलगामी एवं उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




