
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा से पहले वार्ड क्रमांक 36 के ग्राम तेलगवां में ग्रामवासियों के सहयोग से ग्राम देवता डीह बाबा की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर वार्ड वासियों के संयुक्त प्रयास से एक नया छठ घाट तैयार किया गया, जिसे ग्रामीणों के लिए उपहार के रूप में समर्पित किया गया। घाट बनने में वार्ड पार्षद प्रेम सागर मिश्रा की भूमिका सराहनीय रही, जिन्होंने निर्माण कार्य और संसाधनों के समन्वय में महत्वपूर्ण योगदान दिया। छठ घाट बनने से क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में घाट के अभाव में छठ व्रतियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब नए घाट के निर्माण से दूरी कम हो गई है और पूजा-अर्चना करने में सहूलियत मिली है। ग्रामीणों ने इस सामूहिक पहल को जनसहयोग और आस्था का प्रतीक बताते हुए सभी सहभागी नागरिकों और पार्षद प्रेम सागर मिश्रा का हृदय से आभार व्यक्त किया।



