गाजियाबाद
लोनी में बार-बार बिगाड़ा जा रहा सांप्रदायिक माहौल — रवि धामा, गौरक्षा दल
अवैध डेरी संचालकों पर गौवंश फेंकने का आरोप, हिंदू भावनाएं भड़काने की साजिश का अंदेशा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाजियाबाद (लोनी)। लोनी क्षेत्र में एक बार फिर असमाजिक तत्वों द्वारा सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश सामने आई है। दिल्ली-सहारनपुर रोड पर एक छोटा मृत गौवंश पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। मृत गौवंश को कुत्ते नोंच रहे थे, जिसकी सूचना भाजपा जिला उपाध्यक्ष रवि धामा को स्थानीय निवासी रोहित शर्मा ने दी।
सूचना मिलते ही रवि धामा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस घटना की जानकारी अशोक विहार चौकी प्रभारी विवेक जावला को दी। इसके बाद चौकी प्रभारी विवेक जावला, एस आई मोहित, हेड कांस्टेबल राजकुमार व अन्य पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
सूचना मिलने के बाद इसके निस्तारण के लिए नगरपालिका की ओर से आकाश कुमार को मौके पर भेजा, जिन्होंने अपनी टीम से मृत गौवंश को हटवाने की व्यवस्था कराई।
“अवैध डेरी संचालक फेंक रहे गौवंश” — रवि धामा
गौरक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष रवि धामा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में यह कोई नई घटना नहीं है।
अशोक विहार क्षेत्र में कई अवैध डेरी संचालक सक्रिय हैं, जो अधिकतर मृत गौवंश को कट्टों में भरकर सड़क किनारे फेंक देते हैं, जिससे यहां से आवागमन करने वाले स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और इससे लोनी का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।
रवि धामा ने कहा कि इन अवैध डेरी संचालकों के खिलाफ जल्द ही लोनी उपजिलाधिकारी और लोनी एसीपी को औपचारिक शिकायत सौंपकर इनके खिलाफ कार्यवाही की मांग की जायेगी।
इस मौके पर आदर्श राजपूत और आकाश कुमार भी मौजूद रहे।
