गाजियाबाद

लोनी बॉर्डर पुलिस ने किया हत्या का खुलासा 

तीन आरोपी गिरफ्तार दो तमंचे, कारतूस और वाहन बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाजियाबाद ; थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने दीपावली की रात माही वाटिका, टीला शाहबाजपुर में हुई युवक की हत्या का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है।
सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर बिहार ज्ञान प्रकाश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि
 20 अक्टूबर की रात टीला शाहबाजपुर निवासी आशू (22 वर्ष, पुत्र दिनेश) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता बादल पुत्र हरेंद्र ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाना लोनी बॉर्डर में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी सर्विलांस व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली।
चार आरोपी चिह्नित, तीन गिरफ्तार
जांच में चार लोगों के नाम सामने आए —
प्रशांत शर्मा पुत्र वीरु उर्फ वीरेंद्र, निवासी आगरा रोड चुंगी, जनपद अलीगढ
 विकास उर्फ चाबी पुत्र राजेश धोबी, निवासी धर्मा एन्क्लेव, राहुल गार्डन, थाना लोनी बॉर्डर
 हीरा अली पुत्र वजीर अली, निवासी कुम्हार कॉलोनी, पाइपलाइन चौक, थाना लोनी बॉर्डर
सदचन ठाकुर उर्फ डमरू पुत्र श्रीराम कुमार राजपूत, निवासी माही वाटिका, थाना लोनी बॉर्डर
इनमें से तीन आरोपी — प्रशांत शर्मा, हीरा अली और सदचन ठाकुर उर्फ डमरू — को पुलिस ने 23 अक्टूबर को जगत के ऑफिस के पास से गिरफ्तार करने का दावा किया है  वहीं चौथा आरोपी विकास उर्फ चाबी अभी भी पुलिस पहुंच से बाहर है।
ताश खेलने को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रशांत शर्मा उर्फ शाहरुख ने बताया कि वह दीपावली की रात अपनी ससुराल खुशी वाटिका, टीला शाहबाजपुर आया हुआ था। करीब नौ बजे वह अपने दोस्तों हीरा अली, डमरू और चाबी के साथ शराब पीने के बाद ताश खेलने गया।
वहां पहले से स्थानीय युवक, जिनमें मृतक आशू भी शामिल था, ताश खेल रहे थे। जब प्रशांत ने उनके साथ खेलने की इच्छा जताई तो आशू ने मना करते हुए कहा कि “यहां केवल मोहल्ले वाले ही खेलेंगे।” इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर चाबी, डमरू और हीरा ने प्रशांत को उकसाया कि “आज इसे खत्म कर दो।” गुस्से में आकर प्रशांत ने अपने पास रखे तमंचे से आशू के पेट में गोली मार दी। घायल आशू को परिजन दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी हुए फरार
हत्या के बाद चारों आरोपी मौके से भाग निकले थे। पुलिस ने लगातार दबिश देकर तीन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अभी फरार है।
पुलिस ने की बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने
दो तमंचे (.315 बोर)
तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस
एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल
एक स्कूटी, जो घटना में प्रयुक्त हुई थी को बरामद करने का दावा किया है
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
मुख्य आरोपी प्रशांत शर्मा के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें जानलेवा हमला, लूट और अवैध शस्त्र अधिनियम के मामले शामिल हैं। वहीं, हीरा अली प भी अवैध शस्त्र रखने का मामला पूर्व में दर्ज किया जा चुका है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button