अमरोहा
पेड़ पर चढ़े तेंदुए की हाईटेंशन लाइन से चिपककर दर्दनाक मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा/ मंडी धनोरा : थाना क्षेत्र के वंशगोपालपुर गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ पेड़ पर चढ़ते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। बिजली के तेज झटके से तेंदुए की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।बताया जा रहा है कि तेंदुआ शिकार की तलाश में खेतों से होकर गांव के किनारे पहुंचा था। किसी शिकार के पीछा करते हुए वह पेड़ पर चढ़ गया, लेकिन पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से उसका शरीर टकरा गया और वह करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना पर वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए के शव को रस्सी के सहारे पेड़ से नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया। डिप्टी रेंजर ने बताया कि तेंदुआ जंगली इलाकों से भटककर गांव की ओर आ गया था, संभवतः किसी जानवर का शिकार करने की कोशिश में यह हादसा हुआ।ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए के बिजली के तार से चिपकने के बाद तेज धमाके जैसी आवाज आई, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। बाद में गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे तो पेड़ पर मृत पड़ा तेंदुआ देखकर सन्न रह गए।
फिलहाल वन विभाग ने तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
घटना के बाद वंशगोपालपुर गांव में दहशत का माहौल, ग्रामीणों ने हाईटेंशन तार को पेड़ों से दूर करने की मांग उठाई है।



