सिंगरौली
सब्जी व्यापारियों के अवैध अतिक्रमण को लेकर कलेक्टर से हुई शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नगर पालिका निगम सिंगरौली क्षेत्र के पुरानी सब्जी मंडी बैढ़न में फुटकर सब्जी व्यापारियों के द्वारा फुटपाथ पर तंबू लगाकर अतिक्रमण कर सब्जी विक्रय कर रहे हैं, जिसके चलते स्थानीय व्यापारियों का व्यापार प्रभावित हो रहा है और आए दिन सब्जी व्यापारी वाद-विवाद करते हैं, इनके रवैये से क्षुब्ध होकर स्थानी व्यापारियों ने जनसुनवाई में पहुंचकर फरियाद की है।
कलेक्टर के जनसुनवाई में दिए शिकायती पत्र में व्यापारियों ने बताया कि नगर पालिका निगम सिंगरौली से दुकान क्रय कर दुकानदारी करके जीवन अपन करते आ रहे हैं, लेकिन दुकानों के सामने रोड पर ही फुटपाथ पर सब्जी वह अन्य प्रकार के लोग दुकान व तंबू लगाकर आवागमन अवरूद्ध कर दिया। जिससे दुकान तक ग्राहक नहीं पहुंच पाते हैं और आर्थिक क्षति हो रही है। जब फुटपाथ दुकानदारों को बोला जाता है कि रोड पर दुकान और तंबू न लगाकर मंडी में दुकान लगाओ तो वह लोग झगड़ा विवाद करने को आतुर होते हैं और बोलते हैं कि हम लोग इसी तरह से दुकान लगाएंगे। तुम लोगों के पट्टे की जमीन नहीं है, जो करना हो कर लो।
व्यापारियों ने बताया कि बीते दिन सोमवार को सुबह झगड़ा भी कर रहे थे। तब कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन कहा गया कि जब तक रिपोर्ट नहीं करोगे, तब तक कार्रवाई नहीं होगी। अगर इसी तरह का रवैया बना रहा तो कभी भी कोई गंभीर वारदात हो सकती है। व्यापारियों ने इसकी शिकायत कोतवाली बैढ़न में की है। वहीं मंगलवार को कलेक्टर के यहां जनसुनवाई में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई गई है।



