कानपुर
चर्म निर्यात परिषद ने यूके और यूरोप में निर्यात विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कानपुर : भारत सरकार की संस्था चर्म निर्यात परिषद (सीएलई) ने तपारिया कंसल्टेंट्स लिमिटेड, यूनाइटेड किंगडम के साथ मिलकर चमड़ा तथा फुटवियर निर्यातकों के लिए उन्नाव स्थित केएलसी कॉम्प्लेक्स में एक संगोष्ठी का आयोजन किया। इस संगोष्ठी कार्यक्रम का उद्घाटन सीएलई के क्षेत्रीय अध्यक्ष असद कमाल ईराक़ी द्वारा किया गया जिनके द्वारा सर्वप्रथम तपारिया कंसल्टेंट्स लिमिटेड के फाउण्डर और डायरेक्टर सुधीर तपारिया को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। ईराकी जी ने कहा ट्रम्प के द्वारा लगाए गए टैरिफ का जो असर हमारी लेदर इंडस्ट्री पर पड़ रहा है उसके असर को हम सभी यूनाइटेड किंगडम तथा यूरोपीय देशों में अपने काम को बढाकर कम कर सकते है। उन्होंने कहा कि हम व्यापर को आसान बनाने के लिए चमड़ा निर्यातकों के साथ सीमा पार सलाहकार समाधान पर संगोष्ठी का आयोजन कर रहे हैं जिससे यूरोप तथा यूके जैसे देशों से निवेश को भारत लाया जा सके साथ ही साथ अपने आयात को बढ़ाया जा सके। इसके पश्चात तपारिया कंसल्टेंट्स लिमिटेड, यूके द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के तरीकों से सभी को परिचित कराया। सुधीर ने बताया कैसे भारतीय चमड़ा निर्यातक सम्पूर्ण वित्तीय, नियामक और रणनीति सहायता के माध्यम से यूके तथा यूरोप के बाजार में सफलतापूर्वक निर्यात करके अपनी इंडस्ट्री के कार्य का विस्तार भी कर सकते है। कंसल्टेंट्स ने सभी को निर्यात करने में सीमा शुल्क प्रक्रियाये, वैट दायित्वों, आयात-निर्यात दस्तावेजीकरण के साथ-साथ स्थिरता नियमों से भी अवगत कराया। सुधीर तपारिया ने निर्यातकों को बताया भारत सरकार ने मुक्त व्यापर का समझौता कर लिया है अतः आप सभी के लिए यूके के साथ व्यापार करना आसान हो जाएगा। निर्यातकों ने कंसल्टेंट्स से यूके तथा यूरोप में बैठे कुछ आयातक जो कि भारत के निर्यातकों से निर्यात लेकर शिपमेन्ट का पैसा रोक लेते है, कभी-कभी पेमेन्ट भी नहीं देते है ऐसी स्थिति में क्या उचित कदम उठाने चाहिए जिस पर कंसल्टेंट्स ने सलाह दी कि जब भी निर्यात करे तो पूर्ण दस्तावेज, कम्पनी प्रोफाइल, लीगल डॉक्यूमेंट, पेमेंट के माध्यम, पेमेन्ट देने की शर्तों आदि को अच्छे से जाँचकर ही निर्यात करे। जिससे धोखाधड़ी होने की उम्मीद कम हो जाती है। इस मुद्दे पर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने इस पर ठोस कदम उठाकर निर्यातकों को सुरक्षा प्रदान करने की बात कही। अन्त में करन इंटरनेशनल से आये करन अरोरा ने क्षेत्रीय अध्यक्ष असद कमाल ईराक़ी,कंसल्टेंट्स सुधीर तपारिया, सीएलई निदेशक तथा संगोष्ठी में आये निर्यातकों का धन्यवाद अदा किया।



