सिंगरौली
जनपद सदस्य हर्षित सिंह (रिशु भैया) ने घायलों की जान बचाकर पेश की मानवता की मिसाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जनपद सदस्य हर्षित सिंह उर्फ रिशु (भैया) ने सड़क हादसे में घायल युवक और बच्चे की जान बचाकर मानवता की अनोखी मिसाल पेश की है। उनके इस तत्पर और संवेदनशील कदम की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। मामला माड़ा थाना क्षेत्र के रजमिलान आकांक्षा पेट्रोल पंप के पास का है, जहाँ आज सुबह एक ऑटो ने अचानक सामने जा रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ बैठा एक बच्चा भी चोटिल हो गया। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ तो जुटी, लेकिन अधिकांश लोग मूकदर्शक बने रहे।
इसी दौरान क्षेत्र के जनपद सदस्य हर्षित सिंह उर्फ रिशु वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने स्थिति देख बिना किसी देर किए मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए अपने निजी वाहन से घायल युवक और बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। साथ ही उनके उपचार की पूरी व्यवस्था स्वयं करवाई।उनकी तत्परता के कारण दोनों घायलों का समय पर इलाज हो सका और उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने जनपद सदस्य के इस मानवीय कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि हर्षित सिंह (रिशु भैया) ने समाज में सेवा और संवेदना का एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसा कदम हर जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणादायी होना चाहिए।हालांकि इस संबंध में जनपद सदस्य से सीधे संपर्क नहीं हो सका, लेकिन उनके सहयोगी ने बताया कि भैया ने जो किया वह एक नागरिक और जनप्रतिनिधि दोनों की जिम्मेदारी थी — घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाना ही सबसे बड़ा धर्म है।



