गाजियाबाद
संविदा कर्मियों का धरना पाँचवें दिन भी जारी
वेतन न मिलने पर फूटा गुस्सा—कंपनी की लापरवाही उजागर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : विद्युत वितरण खंड प्रथम रूप नगर, लोनी में कार्यरत संविदा कर्मियों का धरना-प्रदर्शन आज पाँचवें दिन भी जारी रहा। वेतन, ईएसआई और पीएफ भुगतान को लेकर कर्मचारियों का विरोध उग्र होता जा रहा है। कंपनी मैहर इंटरप्राइजेज की कथित लापरवाही और प्रबंधन की असंवेदनशीलता ने कर्मचारियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
पांच दिन से धरने पर बैठे कर्मचारियों के अनुसार, लोनी क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार ने कल आश्वासन दिया था कि सभी कर्मचारियों के वेतन आज खातों में भेज दिए जाएंगे। लेकिन आज भी केवल कुछ चुनिंदा कर्मचारियों को ही वेतन भेजा गया, जबकि अधिकांश कर्मचारियों के खाते खाली के खाली हैं।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था मैहर इंटरप्राइजेज महीनों से वेतन भुगतान में देरी कर रही है, जिसके कारण उन्हें अपने परिवारों का पालन-पोषण करने में कठिनाई हो रही है। साथ ही कंपनी द्वारा ईएसआई और पीएफ जैसी अनिवार्य सुविधाओं का भी लंबे समय से भुगतान नहीं किया जा रहा, जबकि कागजों में सब कुछ ठीक बताया जाता है।
कर्मचारियों ने इसकी जवाबदेही कंपनी प्रबंधन पर डालते हुए कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद मैहर इंटरप्राइजेज न तो पारदर्शिता बरत रही है और न ही मूलभूत श्रम कानूनों का पालन कर रही है।
धरने में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि
“जब तक सभी कर्मचारियों का वेतन, ईएसआई और पीएफ का पूरा भुगतान नहीं किया जाता और कंपनी की मनमानी पर रोक नहीं लगती, तब तक धरना जारी रहेगा।”
आज धरने में कुलदीप कुमार, राजू यादव, अरविंद कुमार, कुलदीप शर्मा, प्रवीण कुमार, अंकित ठाकुर, दीपक फैसला, मोंटी लालबाग, दीपक, महेश, सोनू, फिरोज, मोहित, शनि कुमार, बलराम नगर सहित सैकड़ों कर्मचारियों शामिल रहे।
कर्मचारियों का कहना है कि अगर जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और विस्तारित करेंगे तथा उच्च अधिकारियों से शिकायत कर बड़े स्तर पर कार्यवाही की मांग उठाएंगे।


