
राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दिलाई आत्मनिर्भर भारत की शपथ, विधायक नंदकिशोर गुर्जर को बिहार चुनाव में कठिन सीटों पर जीत दिलाने के लिए दी बधाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्र निर्माता और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा श्रीराम पैलेस से शुरू होकर लोनी तिराहा तक पहुंची। मार्च में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ, भाजपा कार्यकर्ताओं, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।मार्च में उमड़े जनसैलाब ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
मार्च के उपरांत रामलीला मैदान में विशाल जनसभा आयोजित हुई, जिसमें मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, विशिष्ट अतिथि लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, और सभा की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष चौ. चैनपाल सिंह ने की। कार्यक्रम संयोजक राजेन्द्र वाल्मीकि, यात्रा संयोजक विजय भाटी सहित अनेक पदाधिकारी, सभासद और ग्राम प्रधान सभा में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अरुण सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का योगदान देश को एक सूत्र में बांधने का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने लोनी की जनता के उत्साह की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रीय एकता और भाजपा के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। साथ ही उन्होंने उपस्थित जनसमूह को स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत निर्माण की शपथ भी दिलाई।
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि लोनी हमेशा से राष्ट्रभक्ति और सद्भाव की भूमि रही है। उन्होंने सरदार पटेल के विचारों को भारत की मजबूती का आधार बताते हुए यूनिटी मार्च को उनकी विरासत को आगे बढ़ाने वाला कदम बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने कहा कि हजारों लोगों की एक स्वर में दी गई राष्ट्रीय एकता की हुंकार, सरदार पटेल के सपनों के भारत को साकार करने का संकल्प है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और जनता का आभार व्यक्त किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, उत्साह और गरिमा के साथ राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश दिया गया।




