गाजियाबाद
डीएलएफ अंकुर विहार में 2.5 करोड़ के विकास कार्यों का लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने किया शुभारंभ
सीवर से क्षतिग्रस्त सड़कों को गुणवत्ता के साथ ठीक करें ठेकेदार, अन्यथा होगी कड़ी कार्यवाही

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी, गाजियाबाद। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने आज डीएलएफ अंकुर विहार में लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। इन कार्यों में एम.एम. रोड पर जलनिकासी हेतु नाले का निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण, तथा सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल लगाने का प्रमुख कार्य शामिल है।
कार्यक्रम का संचालन प्रशांत ठाकुर द्वारा किया गया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष राहुल श्याम सुंदर, उपाध्यक्ष विपिन कसाना, मंडल मंत्री प्रशांत झा, विजय कुमार मिश्रा, सुरेश पाल, सरदार करण सिंह, सचिन चौधरी, जिलाध्यक्ष आरती मिश्रा, ललिता रानी, प्रिया, ममता झा, रविंद्र सिंह भाई जी, भोपाल चौधरी दरोग़ा जीतू चौधरी, अनुज त्यागी, आशीष जैन, रवि त्यागी, ओपी पांडेय, आर.पी. पांडेय, विकास पांडेय, जीतेन्द्र सिंह, गौरव कसाना, नरेश पोद्दार, ए.के. गोयल, मेहरचंद प्रधान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जीडीए एक्सन राजीव व जेई अनिल सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।
लोगों ने ढोल–नगाड़ों और पुष्पवर्षा से किया स्वागत
विकास कार्यों की शुरुआत से उत्साहित स्थानीय निवासियों ने ढोल की थाप पर पुष्पवर्षा कर विधायक का स्वागत किया तथा लड्डू वितरण कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएँ भी रखी
“लीपापोती नहीं चलेगी”—विधायक का सख्त संदेश
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि लोनी में पिछले कुछ वर्षों में बिजली, सड़क, चिकित्सा, कानून व्यवस्था तथा शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट कहा—
> “सीवर के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों का उच्च गुणवत्ता के साथ पुनर्निर्माण कराया जाएगा। कोई ठेकेदार लीपापोती करेगा तो सख्त कार्रवाई से नहीं बचेगा।”
इसके साथ ही उन्होंने मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण पर भी नाराजगी जताई और कहा कि इसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोनी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और जनसुविधाओं को और सुदृढ़ करने पर लगातार कार्य चल रहा है।
विधायक का ‘गोद लिया वार्ड’, मगर कई संपर्क मार्ग अब भी बदहाल
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि यद्यपि विधायक ने वार्ड 33 को “गोद लिया वार्ड” घोषित किया है और प्रमुख समस्याओं पर कार्यवाही भी हो रही है, फिर भी ज्यादातर संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में हैं।
लोगों ने अपेक्षा जताई कि इन सड़कों के सुधार पर भी जल्द ध्यान दिया जायेगा
बड़ी समस्या का निदान तो हुआ, पर भीड़ अपेक्षाकृत कम दिखी
जहाँ नाले और सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर लोग खुश नजर आए, वहीं उद्घाटन कार्यक्रम में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखी गई। आम नागरिकों की उपस्थिति सीमित रही और कार्यक्रम में मुख्यतः सक्रिय कार्यकर्ता ही नजर आए। इस पहलू को लेकर क्षेत्र में चर्चा भी रही।
दिलचस्प बात यह रही कि विधायक ने स्वयं मंच से कार्यकर्ताओं को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया
डीएलएफ अंकुर विहार में 2.5 करोड़ से होने वाले विकास कार्य न केवल जलभराव की पुरानी समस्या को समाप्त करेंगे बल्कि क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को भी मजबूत बनाएंगे। यद्यपि कार्यक्रम में भीड़ अपेक्षा से कम रही, लेकिन विकास कार्यों के आरंभ से लोगों में राहत और उम्मीद दोनों बढ़ी हैं।


