गाजियाबाद
मुर्तजा बाद भूपखेडी गांव में नालियों के बीच खड़े बिजली के खंभे बने जानलेवा खतरा
ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत समाधान करने की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र के मुर्तज़ाबाद भूपखेड़ी गांव में नवनिर्मित नालियों के बीच खड़े विद्युत पोल ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। गांव की आबादी वाले हिस्से में कई जगहों पर नालियों के बीच सीधे बिजली के पोल खड़े दिखते हैं, जहाँ मामूली बारिश या पानी भरने की स्थिति में बड़ा हादसा होने की आशंका है।
ग्रामीणों के अनुसार, नाली निर्माण के दौरान ग्राम पंचायत सचिव और प्रधान ने इन खंभों को नाली के बीच से हटाने या नाली का रूट बदलने की आवश्यकता नहीं समझी। नाली का एस्टीमेट बनाते समय भी विद्युत पोल हटाने की कोई प्रक्रिया, स्वीकृति या योजना शामिल नहीं की गई। परिणामस्वरूप नाली का निर्माण सीधे खंभों के चारों ओर कर दिया गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि नाली में पानी भरता है और वह किसी भी कारण से बिजली के पोल के संपर्क में आता है, तो पूरे पानी में करंट फैल सकता है। ऐसी स्थिति में घरों के पास से गुजरने वाली नालियों में करंट लगने से गंभीर हादसा होने की पूरी संभावना है।
गांव के बुज़ुर्गों और युवाओं ने बताया कि कई बार बच्चे नालियों के पास खेलते हैं और महिलाएँ रोजमर्रा के कामों से गुजरती हैं। ऐसे में बिजली के खंभे से किसी प्रकार का रिसाव या शॉर्ट सर्किट बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकता है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों, जेई तथा ग्राम प्रधान से तत्काल प्रभाव से नाली के बीचोंबीच खड़े इन खतरनाक विद्युत पोलों को हटाने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी भी अनहोनी की जिम्मेदारी संबंधित विभागों पर होगी।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि जल्द से जल्द विद्युत पोलों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि नाली का उपयोग सामान्य तरीके से हो सके और गांव के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित रहे।

