गाजियाबाद

कम्पोजिट विद्यालय की जर्जर छत से बढ़ रही है दुर्घटना की आशंका

बच्चों की पढ़ाई पर गंभीर असर,प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी विकास खंड के औरंगाबाद रिस्तल स्थित शहीद ब्रिगेडियर अमरिंदर सिंह कंसाना कम्पोजिट विद्यालय के कक्षों और कार्यालय की छतें इस समय बेहद जर्जर हालत में पहुँच चुकी हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि बरसात के दिनों में कक्षाओं की छतों से लगातार पानी टपकता रहता है, जिससे न केवल पठन-पाठन बाधित होता है बल्कि बच्चों और विद्यालय स्टाफ की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मोनिका यादव ने 1 अगस्त को इस समस्या की जानकारी आधिकारिक रूप से खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) लोनी और खंड विकास अधिकारी (BDO) को दी है। अपनी शिकायत में उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि छत की खराब स्थिति कभी भी किसी अनहोनी हादसे को जन्म दे सकती है, इसलिए तत्काल मरम्मत और सुरक्षा उपाय आवश्यक हैं।
प्रधानाध्यापिका द्वारा भेजी गई शिकायत के अनुसार, विद्यालय के निर्माण के समय छत का लेवल ठीक से नहीं बनाया गया, जिसके कारण हर बरसात में छत पर पानी जमा हो जाता है। लंबे समय तक पानी भरने की वजह से छत की सीमेंटेड परतें कमजोर हो चुकी हैं और जगह–जगह दरारें दिखाई दे रही हैं।
लगातार टपकाव के कारण कई कक्षाओं में पठन-पाठन करना मुश्किल हो गया है, जिससे विद्यालय के लगभग सभी बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कई अभिभावकों ने भी प्रशासन से आग्रह किया है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय का निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ जाँच और कार्यवाही की मांग की है। उनका कहना है कि घटिया निर्माण सामग्री और गलत तकनीकी कार्यप्रणाली के कारण ही विद्यालय की छत कुछ ही वर्षों में जर्जर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते छत की मरम्मत न की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी पर होगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द विद्यालय की छत की मरम्मत कराई जाए ताकि बच्चे सुरक्षित वातावरण में अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button