गोड्डा
शिविर में दिव्यांगों व बुजुर्ग नागरिकों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण
सेविका-सहायिका नियुक्ति पत्र बंटा

झारखंड आंदोलनकारी प्रमाण पत्र भी दिया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा एडीआइपी व राष्ट्रीय वायोश्री योजना के तहत सुंदरपहाड़ी प्रखंड कार्यालय परिसर में विशेष शिविर का आयोजन कर दिव्यांगों व वरिष्ठ नागरिकों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। शिविर में श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, घुटने का बेल्ट, स्पाइनल सपोर्ट, बैसाखी, छड़ी, ट्राइसाइकिल, बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, दांत का सेट, कमोड समेत ह्वीलचेयर, ब्रेल किट, सुगम्य किट जैसे विविध प्रकार के सहायक उपकरण एवं यंत्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, उपायुक्त अंजली यादव, उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू ने दिव्यांगों व वरिष्ठ नागरिकों के बीच सहायक उपकरणों एवं सुंदरपहाड़ी/बोआरीजौर प्रखंड अंतर्गत आंगनवाड़ी सेविका/सहायिका को नियुक्ति पत्र तथा झारखंड आंदोलनकारी को प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि तीन-चार महीने पूर्व अलमिको के द्वारा जिले के हर एक प्रखंड में शिविर का आयोजन कर आवेदन लिए गए थे। लगभग 100 व्यक्तियों को सहायक उपकरण दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बुजुर्गों व दिव्यांगजनों के बीच टिकाऊ, परिष्कृत, वैज्ञानिक आधार पर निर्मित आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार सहायक यंत्रों व उपकरणों का निःशुल्क का वितरण किया जा रहा है। यह सभी उपकरण एलमिको को द्वारा तैयार किये गए हैं साथ ही आज सेविका सहायिका का चयन हेतु नियुक्ति पत्र भी दिया जा रहा है हमारा प्रयास है कि जिले के जितने भी आंगनबाड़ी केंद्र है जहां सेविका/सहायिका का अभाव है वहां एक महीने के भीतर सारी रिक्तियां पूर्ण कर ली जाएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इन यंत्रों व सहायक उपकरणों के वितरण का उद्देश्य दिव्यांगजनों में दिव्यांगता का असर कम कर उनके शारीरिक, सामाजिक एवं मनोवैज्ञानिक पुनर्वास तथा आर्थिक क्षमता में वृद्धि करना है। वे भी सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें।आगे उपायुक्त ने कहा कि चौकीदार बहाली की भी दूसरी लिस्ट जारी की गई है एवं जिले में होमगार्ड की नियुक्ति के लिए भी आवेदन के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। इच्छुक युवा साथी अपने आवश्यक प्रमाण पत्र अवश्य बनवा लें एवं दौड़ में भाग लें इससे अपने जिले में अपने प्रखंड में नौकरी करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री प्रतिनिधि ने सर्वप्रथम जिला प्रशासन गोड्डा के द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी जिला के विकास के लिए जब पदाधिकारी स्वतंत्र, निडर एवं निर्भीक होकर कार्य करते हैं, तभी जिले का विकास संभव है। गोड्डा जिला विकास के लिए वर्तमान उपायुक्त के नेतृत्व में अग्रसर है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ₹1 की दवाई से लेकर 15 लाख रुपए तक का बीमारी का इलाज कराने के लिए तैयार है। परंतु दुर्भाग्य की बात है कि लोग योजना की जानकारी के अभाव में लाभ नहीं उठा पाते हैं। आप रोजगार करना चाहते हैं। मेडिकल शॉप, ब्यूटी पार्लर खोलना चाहते हैं, बोलोरो लेकर अपना व्यवसाय करना चाहते हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री रोजगार सृजन के तहत 40% अनुदान दी जा रही है। यह सरकार आपके साथ है। आपको किसी भी प्रकार की जानकारी लेनी है। सीधे प्रखंड कार्यालय जाएं और प्रखंड विकास पदाधिकारी से सारी जानकारी प्राप्त करें। आगे उन्होंने उपायुक्त से सुंदरपहाड़ी एवं बोआरीजोर प्रखंड के विद्यालय के औचक निरीक्षण हेतु विशेष उड़नदस्ता टीम गठन करने का अनुरोध किया गया।
कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुंदरपहाड़ी, अंचल अधिकारी सुंदरपहाड़ी सहित प्रखंड कर्मी मौजूद थे।



