गाजियाबाद
लोनी बॉर्डर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपी को भेजा जेल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की सुनीता बिहार कॉलोनी से 22 अप्रैल 2025 को लापता हुई नीशु नामक युवती के मामले में पुलिस ने आरोपी अंकित कुमार पुत्र जयबीर सिंह, निवासी मानपुर (मेरठ) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
बताया गया कि युवती 22 अप्रैल को अचानक घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जाँच के दौरान सामने आया कि अंकित और उसके परिचित अभिषेक ने कथित रूप से नीशु के फर्जी वोटर कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वास्तविक जन्मतिथि 02 अगस्त 2005 को छिपाकर दस्तावेजों में 08 सितंबर 2003 दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर दोनों ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय मवाना में कोर्ट मैरिज कर ली।
परिजनों का आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाला एक व्यक्ति लोनी बॉर्डर थाने में अस्थायी कम्प्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। उनका कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी उसके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई।
यह भी उल्लेखनीय है कि यह मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में आने के बाद 24 जून 2025 को मुकदमा अपराध संख्या 0395/25 के तहत दर्ज हो सका, जबकि घटना को दो माह बीत चुके थे। परिजनों की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और करीब आठ माह बाद आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस मामले में आगे की जाँच कर रही है और आरोपितों की भूमिका की पड़ताल जारी है।


