गोड्डा
श्यामकित्ता में राम कथा का भावविभोर कर देने वाला पांचवां दिन
श्रद्धा और भक्ति में डूबे श्रद्धालु

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा /गोड्डा : प्रखंड के सिनपुर पंचायत अंतर्गत श्यामकित्ता गांव में आयोजित श्री श्री 1008 रक्षामंत्रण श्रीमद् भागवत राम कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ का पांचवां दिन श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं के अद्भुत संगम के रूप में सामने आया। कथा स्थल पर दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में डुबो दिया। वृंदावन से पधारीं सुप्रसिद्ध कथा व्यास देवी अनीता रक्षा जी ने अपने ओजस्वी और भावपूर्ण वाणी से भरत मिलाप, भगवान राम की मर्यादा तथा राम राज्य के आदर्शों का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया। जैसे ही भरत मिलाप का प्रसंग प्रारंभ हुआ, पूरा पंडाल भावनाओं से भर उठा। श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और वातावरण “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। कथा के दौरान प्रस्तुत की गई भव्य झांकियां, भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और भरत के सजीव दृश्य, साथ ही हनुमान भक्ति के अद्भुत प्रसंगों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्त कथा सुनते हुए स्वयं को त्रेता युग में अनुभव कर रहे थे। कथा व्यास देवी अनीता रक्षा जी ने अपने प्रवचन में कहा कि राम मर्यादा के प्रतीक हैं और उनका जीवन आज के समाज के लिए आदर्श मार्गदर्शक है। राम राज्य की कल्पना में न्याय, सत्य, सेवा और करुणा सर्वोपरि है, जिसे अपनाकर समाज को सशक्त और संस्कारित बनाया जा सकता है। आयोजकों के अनुसार, यह राम कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक चल रही है। कथा के साथ-साथ भजन-कीर्तन, झांकी दर्शन और प्रसाद वितरण की भी भव्य व्यवस्था की गई है। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजन से न केवल आध्यात्मिक शांति मिलती है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सद्भावना को भी मजबूती मिलती है।



