पाकुड़ में तीन दिवसीय वार्षिक फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ, बतौर मुख्यातिथि पहुंचे उद्योगपति लुतफल हक
The three-day annual football tournament was inaugurated in Pakur with industrialist Lutfal Haque as the chief guest.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। चांद भैरो क्लब, गोकुलपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ गोकुलपुर स्थित लड्डूबाबू आम बागान के फुटबॉल मैदान में भव्य समारोह के साथ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में खेल और समाज से जुड़े कई प्रतिष्ठित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया। उद्घाटन समारोह में जाने-माने पत्थर व्यवसायी एवं समाजसेवी लुत्फुल हक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के तौर पर अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, एसी जेम्स सुरीन, भू-अर्जन अधिकारी अजय सिंह, जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, बीडीओ पाकुड़ समीर अल्फ्रेड मुर्मू तथा नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार शामिल हुए। सभी अतिथियों ने मैदान में फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस तीन दिवसीय फुटबॉल महोत्सव में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें देश के विभिन्न राज्यों की सशक्त और चर्चित टीमें शामिल हैं। विशेष रूप से पश्चिम बंगाल की नामचीन टीमें मोहन बागान और मोहम्मडन स्पोर्टिंग की भागीदारी ने प्रतियोगिता के प्रति दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया है। मैचों को देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में पहुंच रहे हैं। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों द्वारा मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट भी किया जा रहा है, जिससे लोग घर बैठे भी रोमांचक मुकाबलों का आनंद ले सकें। प्रतियोगिता को लेकर पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं यह आयोजन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।



