बरेली
समस्याओं को लेकर भाकियू लोक शक्ति का धरना, डीएम को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र एवं जनपद सोनभद्र के किसानों की चकबंदी, भूमि अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) ने 5 जनवरी को प्रदेशभर में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसी क्रम में बरेली में मंडल अध्यक्ष रनवीर सिंह फौजी के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
भाकियू लोक शक्ति के पदाधिकारियों ने बताया कि सोनभद्र के ग्राम भैंसावर तथा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के ग्राम रौनीजा में किसान पिछले छह माह से धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं हुआ है। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। संगठन का कहना है कि यमुना एक्सप्रेस-वे परियोजना से प्रभावित किसानों को न तो अभी तक आवासीय भूखंड मिले हैं और न ही उचित मुआवजा दिया गया है।



