
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर नगर में अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है।मंगलवार को यातायात प्रभारी अनुज मलिक ने अमरोहा के हसनपुर नगर के संभल अड्डे पर छापेमारी कर अवैध टैक्सियों के खिलाफ कार्रवाई की।
यातायात प्रभारी ने बताया कि संभल अड्डे पर डग्गामार टैक्सियों के जमावड़े की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उच्च अधिकारियों के आदेश पर दो टैक्सियों के चालान काटे गए। प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से टैक्सी चालकों में अफरा-तफरी मच गई और कई चालक अपने वाहनों लेकर मौके से भाग निकले।गौरतलब है कि नगर के संभल अड्डे से दिल्ली मार्ग पर प्रतिदिन दर्जनों डग्गामार टैक्सियां धड़ल्ले से दौड़ रही हैं, जिससे परिवहन विभाग को राजस्व की हानि हो रही है। यातायात प्रभारी ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध संचालन बंद नहीं हुआ, तो भविष्य में वाहनों को सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।


