
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग बड़ा बाज़ार टीओपी क्षेत्र अंतर्गत हबीबी नगर में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बाड़ी साफ़ करने के दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस भयावह हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,ब्लास्ट की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बड़ा बाज़ार टीओपी पुलिस मौके पर पहुंची, पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
फिलहाल ब्लास्ट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि घटना किसी पुराने विस्फोटक पदार्थ,अवैध सामग्री या अन्य किसी कारण से हुई है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद हबीबी नगर और आसपास के इलाकों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।




